रुड़की:- मोंटफोर्ट स्कूल, रुड़की में रविवार को धर्मक्षेत्र यूथ समिट 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 350 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। समिट का उद्देश्य युवाओं को विचार-विमर्श, नेतृत्व क्षमता, बौद्धिक संवाद और अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए मंच उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रेणियों में आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि वरिष्ठ पत्रकार एवं जन निर्माण पार्टी की ओर से रुड़की विधानसभा के घोषित प्रत्याशी दीपक शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर अपने अनुभव साझा किए और उन्हें भविष्य में अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि विधायक उमेश कुमार ने विद्यार्थियों से बेहद सहज अंदाज में मुलाकात की। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने विचार साझा किए। उन्होंने राजनीतिक और पत्रकारिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए जरूरी सोच, दृष्टिकोण और जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विचार स्पष्ट रूप से रखने, सवाल पूछने और समाज के विभिन्न पहलुओं को समझने के लिए प्रेरित किया। वहीं, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार दीपक शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ पत्रकारिता और सामाजिक जीवन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना, सजग रहना और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना जरूरी है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए धर्मक्षेत्र यूथ समिट की पूरी टीम को बधाई देते हुए विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर सीखते रहना और अपने अनुभवों से आगे बढ़ना महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों ने मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजन समिति ने टीम और स्कूल को दिया सफलता का श्रेय
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि धर्मक्षेत्र यूथ समिट 2026 में रुड़की, हरिद्वार और देहरादून के अलग अलग स्कूलो से करीब 350 छात्र-छात्राओं की भागीदारी रही। युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और नए विचारों को सामने रखने का अवसर देना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य था। समिति ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय अपनी पूरी टीम के सदस्यों और मोंटफोर्ट स्कूल के सहयोग को दिया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मोंटफोर्ट स्कूल में धर्मक्षेत्र यूथ समिट 2026 का भव्य आयोजन, 350 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा; उमेश कुमार और दीपक शर्मा ने साझा किए अनुभव, मेडल-ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
